कबीरधाम:- आदिवासियों के अधिकार, रोजगार, मनरेगा और सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर आदिवासी कांग्रेस कमेटी के जिला मीडिया प्रभारी प्रहलाद सिंह धुर्वे ने केंद्र एवं छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।


प्रहलाद सिंह धुर्वे ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार नक्सलवाद के नाम पर आदिवासी समाज के लोगों को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर लगातार कम हो रहे हैं। मनरेगा के तहत काम नहीं मिलने से गरीब मजदूर और ग्रामीण परिवार परेशान हैं। जब रोजगार ही नहीं मिलेगा तो गरीब परिवार अपना जीवनयापन कैसे करेंगे?

उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार और केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव के समय युवाओं को रोजगार, किसानों को लाभ और गरीबों को न्याय दिलाने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे। लेकिन आज युवा, किसान और गरीब वर्ग परेशान हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से पूछा कि आखिर सरकार के न्याय और विकास के वादे कहां गए?
धुर्वे ने विशेष रूप से कबीरधाम जिले की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि जिले के विकास में बाधाएं आ रही हैं। सड़क निर्माण कार्यों में ठेकेदारों की कथित मनमानी और भ्रष्टाचार के कारण आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है और जिम्मेदार अधिकारियों को इस मामले में गंभीरता से जांच करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बुलडोजर की राजनीति करने के बजाय गरीबों, आदिवासियों, युवाओं और किसानों की समस्याओं का समाधान करे। जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि रोजगार, न्याय और बुनियादी सुविधाएं चाहिए।
अंत में प्रहलाद सिंह धुर्वे ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि आदिवासियों, गरीबों और आम जनता के साथ अन्याय अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता अपने अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करती रहेगी।
उनका नारा है – “अब नहीं सहेंगे, बदल के रहेंगे।”
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में ठेकेदारों की मनमानी और अत्याचार के खिलाफ भी आवाज उठाई जाएगी तथा जनता के हक और अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी।

























































































































