कवर्धा ( सहसपुर लोहरा):- से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां गौवंश में बीमारी फैलने से हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, अब तक 3 गायों की मौत हो चुकी है, जबकि 40 से अधिक गौवंश बीमार बताए जा रहे हैं। मामला सूरजपुरा जंगल और पिर्चाटोला गांव का है, जहां लगातार गौवंश के बीमार होने की खबरें सामने आ रही हैं।
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि कोदो की फसल कटाई के बाद खेतों में बची नरई यानी फसल के ठूंठ खाने से गौवंश की तबीयत बिगड़ी होगी। हालांकि, बीमारी के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
सबसे गंभीर बात यह है कि ग्रामीणों के अनुसार, सूचना देने के बावजूद अब तक पशु चिकित्सकों के मौके पर नहीं पहुंचने की बात सामने आई है। ऐसे में बीमार गौवंश के उपचार को लेकर चिंता बढ़ गई है।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर गौवंश में बीमारी फैलने की वजह क्या है? तीन गायों की मौत के बाद भी बीमार पशुओं के इलाज के लिए जरूरी कदम कब उठाए जाएंगे? ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द मौके पर पहुंचकर बीमार गौवंश का उपचार कराने की मांग की है।

























































































































