कबीरधाम:- मनरेगा के तहत काम करने वाले मजदूरों को समय पर भुगतान नहीं मिलने और उनके खातों में राशि नहीं पहुंचने को लेकर प्रहलाद सिंह धुर्वे ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की कार्यप्रणाली के कारण गरीब मजदूरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मजदूरों के मन में अब यह सवाल उठने लगा है कि उनके खाते में मनरेगा की मजदूरी की राशि आएगी भी या नहीं।
प्रहलाद सिंह धुर्वे ने कहा कि कबीरधाम जिले में विधायक एवं प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व के बावजूद मनरेगा मजदूरों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मजदूरों, बेरोजगार युवाओं और किसानों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है।
उन्होंने कहा कि गरीब मजदूर दिन-रात मेहनत करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं, लेकिन जब उनकी मेहनत का पैसा समय पर नहीं मिलता तो उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है। आखिर गरीबों और मजदूरों का पैसा कब तक अटका रहेगा? सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।
प्रहलाद सिंह धुर्वे ने युवाओं, बेरोजगारों और किसानों के हक में आवाज बुलंद करते हुए कहा कि जनता अब सरकार से जवाब मांग रही है। उन्होंने भाजपा सरकार पर जनहित के मुद्दों से भटकने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब जनता बदलाव चाहती है।
उन्होंने कहा, “ना सहेंगे, ना रुकेंगे। मजदूरों, किसानों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई कदम-कदम पर लड़ेंगे। गरीबों की आवाज को दबने नहीं देंगे। जो सरकार जनता की समस्याओं का समाधान नहीं कर सकती, उसे बदलने का समय आ गया है।”
अंत में प्रहलाद सिंह धुर्वे ने सरकार से मांग की कि मनरेगा मजदूरों की लंबित मजदूरी का भुगतान जल्द किया जाए, ताकि गरीब परिवारों को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मजदूरों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो जनता की आवाज को और मजबूती से उठाया जाएगा।
जनता का सवाल है—मनरेगा मजदूरों की मेहनत की कमाई आखिर कब उनके बैंक खातों में पहुंचेगी?

























































































































