कवर्धा, पंडरिया:- पंडरिया थाना क्षेत्र के ग्राम झिरिया खुर्द में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में चालक सहित तीन लोग ट्रैक्टर के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्र हो गई।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर गांव के मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और ट्रैक्टर अचानक सड़क किनारे पलट गया। ट्रैक्टर के पलटते ही उसमें सवार तीन लोग उसके नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन ट्रैक्टर का वजन अधिक होने के कारण घायलों को निकालना आसान नहीं था।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर ट्रैक्टर को हटाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर जेसीबी मशीन की सहायता ली गई। जेसीबी की मदद से करीब कई घंटों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
घायलों को बाहर निकालते ही तत्काल एंबुलेंस और अन्य वाहनों की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।







