मरवाही:- चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर नौ दिनों तक विधि-विधान से माता की आराधना एवं पूजा-अर्चना करने के बाद मरवाही क्षेत्र के ग्राम धरहर में श्रद्धा और उल्लास के साथ जवारा विसर्जन किया गया। पूरे गांव में भक्ति का वातावरण देखने को मिला।

विसर्जन के दौरान महिलाओं और बालिकाओं ने सिर पर ज्योत जावरा रखकर पारंपरिक वेशभूषा में शोभायात्रा निकाली। छोटे-छोटे बच्चों से लेकर वृद्ध महिलाओं तक सभी में विशेष उत्साह नजर आया। श्रद्धालु “जय माता दी” के जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया।

जवारा विसर्जन यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। कई भक्तों ने माता से अपनी मनोकामनाएं मांगी और सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और ग्राम के वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में अनुशासन और धार्मिक आस्था का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
ग्रामीणों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी नवरात्रि पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया, जिसमें गांव के सभी वर्गों की सक्रिय भागी
दारी रही।







