*गन्ना बोनस भुगतान में विसंगति को लेकर किसानों में भारी आक्रोश, समाधान नहीं हुआ तो होगा उग्र आंदोलन एवं चक्काजाम – समृद्ध छत्तीसगढ़ किसान संघ कबीरधाम।*
आज समृद्ध छत्तीसगढ़ किसान संघ जिला कबीरधाम की निर्णायक बैठक संपन्न हुई। बैठक में गन्ना किसानों को मिलने वाले बोनस भुगतान में सामने आई गंभीर विसंगतियों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस विसंगति के कारण जिले के गन्ना किसानों में भारी नाराजगी एवं आक्रोश व्याप्त है।
*संघ ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा गन्ना किसानों को 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान देने की घोषणा की गई थी, लेकिन किसानों को वास्तविक रूप से मात्र 399.05 रुपये प्रति क्विंटल का ही भुगतान किया जा रहा है। इस प्रकार प्रति क्विंटल 25.95 रुपये की राशि कम मिल रही है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।*
वहीं भोरमदेव एवं सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना, पंडरिया सहित दोनों कारखानों के किसानों को *बोनस के रूप में लगभग 36 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाना था, लेकिन शासन द्वारा मात्र 26 करोड़ रुपये की राशि ही उपलब्ध कराई गई है। शेष लगभग 10 करोड़ Alarm* की राशि को लेकर किसानों में असमंजस और नाराजगी बनी हुई है।
समृद्ध छत्तीसगढ़ किसान संघ ने शासन एवं प्रशासन से मांग की है कि गन्ना बोनस भुगतान में हुई विसंगति को तत्काल दूर करते हुए किसानों को घोषित दर के अनुसार पूरी राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा शेष बोनस राशि शीघ्र जारी की जाए।
*संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शासन द्वारा किसानों की इस गंभीर समस्या का यथाशीघ्र समाधान नहीं किया जाता है, तो समृद्ध छत्तीसगढ़ किसान संघ जिला कबीरधाम किसानों के हित में उग्र आंदोलन एवं चक्काजाम करने के लिए बाध्य होगा। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।*
संघ का कहना है कि किसानों की मेहनत और उनके अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों को उनका घोषित हक दिलाने के लिए संगठन पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करेगा।
*समृद्ध किसान – समृद्ध छत्तीसगढ़*

























































































































