कुंडा:- समृद्ध छत्तीसगढ़ किसान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सुभाष कुमार चंद्राकर के नेतृत्व में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कुंडा तहसील कार्यालय में तहसीलदार के माध्यम से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री माननीय विष्णुदेव साय के नाम ज्ञापन सौंपा गया।


ज्ञापन में किसानों की तीन प्रमुख मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।

ज्ञापन की तीन प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं—
1. चक्रवाती तूफान से फसल नुकसान का मुआवजा: चक्रवाती तूफान एवं प्रतिकूल मौसम के कारण किसानों की खड़ी धान की फसल को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC 6-4) के तहत नियमानुसार मुआवजा प्रदान किया जाए।
2. फसल बीमा की शिकायतों का निराकरण: फसल बीमा की शिकायत प्रक्रिया को सरल बनाया जाए। हेल्पलाइन नंबरों पर फोन नहीं लगने की समस्या दूर कर किसानों की शिकायतों का शीघ्र निराकरण किया जाए।
3. गिरदावरी एवं DCS में त्रुटियों का सुधार: पटवारी द्वारा की गई गिरदावरी तथा DCS में फसल एवं रकबे से संबंधित गलत प्रविष्टियों का तत्काल संशोधन किया जाए, ताकि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में परेशानी न हो।
किसान संघ ने शासन-प्रशासन से मांग की कि किसानों की इन तीनों समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष कुंडा सुभाष कुमार चंद्राकर पंडरिया ब्लाक अध्यक्ष रंजीत साहू मंत्री टेकसिंग खंडे उपाध्यक्ष सोनू चंद्राकर युवा प्रमुख सहदेव चंद्राकर राजकुमार चंद्राकर हरीश साहू फागू राम साहू विश्राम एवं समस्त किसान बांधो समृद्ध छत्तीसगढ़ किसान संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

























































































































