कुंडा, कबीरधाम:– जिला युवा कांग्रेस कबीरधाम के नेतृत्व में कुंडा बस स्टैंड में आयोजित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं जनआंदोलन में क्षेत्र की जनता का अभूतपूर्व जनसमर्थन देखने को मिला। बिजली संकट सहित किसानों, युवाओं, महिलाओं, छात्रों एवं आम नागरिकों से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर आयोजित इस आंदोलन में स्थानीय क्षेत्रवासियों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा कुंडा मुख्यालय जनआक्रोश का केंद्र बन गया।
धरना-प्रदर्शन में मुख्य रूप से स्मार्ट मीटर, बढ़ते बिजली बिल, अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, किसानों के खेत-खार की विद्युत आपूर्ति में प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक की कटौती सहित बिजली विभाग की अव्यवस्थाओं को प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही खाद-बीज संकट, जर्जर सड़कें, तहसील में लंबित राजस्व प्रकरण, कथित भ्रष्टाचार, राशन वितरण की अनियमितता, बंद नल-जल योजनाएं एवं पेयजल संकट, बढ़ती महंगाई तथा अन्य जनसमस्याओं पर भी आवाज बुलंद की गई।
धरना के बाद निकली विशाल जनआक्रोश रैली मुख्य मार्गों से नारेबाजी करते हुए कुंडा तहसील एवं बिजली विभाग कार्यालय घेराव के लिए आगे बढ़ी। आंदोलन को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने दो स्थानों पर बैरिकेड लगाकर भारी पुलिस बल तैनात किया था। आंदोलनकारियों ने पहले बैरिकेड को हटाते हुए आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिसके दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी धक्का-मुक्की हुई। दूसरे बैरिकेड पर पुलिस ने रैली को रोक दिया, जिसके बाद आंदोलनकारी वहीं धरने पर बैठ गए और घंटों तक जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन जारी रखा।
इसके बाद प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर प्रमुख मांगों में बिजली संकट का स्थायी समाधान, स्मार्ट मीटर पर रोक, बिजली बिलों में राहत, अघोषित कटौती समाप्त करने, किसानों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति, जर्जर सड़कों का निर्माण, खाद-बीज उपलब्ध कराने, तहसील में लंबित मामलों का निराकरण, कथित भ्रष्टाचार पर कार्रवाई, राशन एवं पेयजल व्यवस्था सुधारने, विधायक भावना बोहरा द्वारा कथित “750 परिवारों की घर वापसी” संबंधी सूची सार्वजनिक करने, बढ़ती महंगाई तथा अयोध्या श्रीराम मंदिर चंदा चोरी के दोषियों पर कार्रवाई सहित क्षेत्र की सभी प्रमुख जनसमस्याओं के निराकरण की मांग की गई।
ज्ञापन के पश्चात आंदोलनकारी कुंडा बस स्टैंड पहुंचे, जहां स्थानीय विधायक भावना बोहरा का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने इसे किसानों एवं आम जनता की समस्याओं की कथित उपेक्षा और क्षेत्र के कुशासन के विरोध का प्रतीक बताया। पुतला दहन के दौरान उपस्थित जनसमूह में भारी आक्रोश देखने को मिला।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में इससे भी व्यापक एवं उग्र लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व जिला युवा कांग्रेस कबीरधाम ने किया। आंदोलन में युवा कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस, सेवादल, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, एनएसयूआई, इंटक कांग्रेस, एसटी, ओबीसी, मजदूर कांग्रेस सहित कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, सभी ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल, सेक्टर एवं बूथ पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं क्षेत्रवासियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।







