कवर्धा:- शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद कवर्धा द्वारा लगातार स्वच्छता अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में आज नगर पालिका की टीम ने अलग-अलग दुकानों में अचानक दबिश देकर खुले में कचरा फेंकने तथा प्रतिबंधित पॉलीथीन का उपयोग और बिक्री करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जुर्माना राशि 21 हजार 600 रूपये वसूला।
नगर पालिका के इस अभियान के दौरान विभिन्न दुकानों से प्रतिबंधित प्लास्टिक पॉलीथीन जब्त की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर जुर्माना राशि 21 हजार 600 रूपये वसूल किया गया। वही सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकते पाए गए लोगों के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। नगर पालिका की टीम ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकना और प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करना शहर की स्वच्छता एवं पर्यावरण के लिए नुकसानदायक है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक है। इसके बावजूद प्रतिबंधित पॉलीथीन का उपयोग एवं बिक्री करने वालों के विरुद्ध नियमित रूप से कार्रवाई की जा रही है और आगे जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि कचरा सड़कों पर और सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें। नगर पालिका की कचरा संग्रहण गाड़ियां सुबह-शाम आपके घर और दुकान तक पहुंचती हैं। इसलिए कचरा निर्धारित ई-रिक्शा व स्वच्छता वाहन में ही डालें और कवर्धा शहर को स्वच्छ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
*लगातार जारी रहेगा अभियान*
नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में खुले में कचरा फेंकने, प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग एवं बिक्री तथा स्वच्छता नियमों की अनदेखी करने वालों पर निगरानी रखी जा रही है। नगर पालिका काउ उद्देश्य जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पर्यावरण को प्रोत्साहित करना है। नगर पालिका ने सभी दुकानदारों एवं नागरिकों से प्रतिबंधित पॉलीथीन का उपयोग नही करने व खुले स्थान पर कचरा ना फेंकने की अपील की है।
कार्रवाई के दौरान स्वच्छता प्रभारी लियाकत अली, बालकृष्ण धुर्वे, स्वच्छता समन्वयक होमेश मानिकपुरी, सफाई सुपरवाइजर राकेश ठाकुर, राजेश ठाकुर, सूरज ठाकुर, घनश्याम ठाकुर, स्वच्छता दीदी निशा खान, ज्योति जांगड़े, गंगा पात्रे, सरोज कंडरा सहित निकाय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


























































































































