कवर्धा ब्रेकिंग:- कवर्धा के कैलाश नगर वार्ड क्रमांक 3, कैलाश सरोवर तालाब के पास स्थित अपशिष्ट प्रबंधन (SLRM) केंद्र में देर रात भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटों से आसपास के रहवासियों में दहशत फैल गई। वार्डवासियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन मौके पर सिर्फ एक ही दमकल वाहन पहुंचा।
पूरी रात आग बुझाने का प्रयास जारी रहा, बावजूद इसके सुबह तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका और अब भी केंद्र में आग की लपटें उठ रही हैं। विभाग के पास अन्य वाहन उपलब्ध होने के बावजूद एक ही गाड़ी भेजना गंभीर लापरवाही माना जा रहा है। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया है।
आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन केंद्र में रखा पूरा कचरा जलकर राख हो गया। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां घटना के बाद लोगों में फायर ब्रिगेड विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।


























































































































