कवर्धा:- ईएमटी की सूझबूझ से 108 में गूंजी किलकारी, महिला ने दिया स्वस्थ बेटी को जन्म ,108 संजीवनी एक्सप्रेस टीम ने अपनी सूझबूझ से गर्भवती महिला का एम्बुलेंस में सुरक्षित प्रसव कराया। माँ और बेटी दोनों स्वस्थ हैं। जानकारी के अनुसार ग्राम डोमनपुर निवासी गर्भवती महिला दुलौरीन टंडन उम्र 26 वर्ष, पति मनोज कुमार को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने सीएचसी पंडरिया में भर्ती कराया था। मंगलवार रात 12:58 केस क्रिटिकल होने पर डॉक्टरों द्वारा महिला को हायर सेंटर कवर्धा रिफर कर 108 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पायलट धनसिंग जांगड़े एवं ईएमटी विनोद जायसवाल ने तुरन्त हॉस्पिटल पहुँचें। हॉस्पिटल पहुंचने के पश्चात गर्भवती महिला को एम्बुलेंस में बैठाकर जल्द ही जिला अस्पताल के लिए रवाना हुए। इस बीच गर्भवती दुलौरिन को कुछ दूर पहुँचने के पश्चात तेज प्रसव पीड़ा होने लगी।

ईएमटी विनोद ने अपने सूझबूझ का परिचय देते हुए सर्वप्रथम ईआरसीपी के माध्यम से डॉक्टर लिपिका को वस्तुस्थिति से अवगत कराया और उनके सलाहनुसार परिजनों से बात कर गर्भवती महिला की स्थिति को देखते हुए एम्बुलेंस में ही प्रसव कराने का निर्णय लिया। सर्वप्रथम एम्बुलेंस को सुरक्षित खड़ी कर प्रसव प्रक्रिया प्रारंभ की। कुछ ही क्षणों पश्चात एम्बुलेंस में बच्ची की किलकारी गूंजने लगी। दुलौरीन ने स्वस्थ बेटी को जन्म दिया। इसके पश्चात माँ बेटी को जिला अस्पताल में शिफ्ट कराया गया। सुरक्षित प्रसव के लिए परिजनों ने संजीवनी 108 टीम को धन्यवाद दिया।







