कवर्धा | संवाददाता:-जनपद पंचायत कवर्धा की अध्यक्ष सुषमा गणपत बघेल ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली कवर्धा निवासी कु. रिया केशरवानी को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।


सुषमा बघेल ने अपने संदेश में कहा कि रिया की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे कवर्धा जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सफलता बच्ची की कड़ी मेहनत, अनुशासन और परिवार के समर्पण का परिणाम है, जो समाज के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

उन्होंने आगे कहा कि कवर्धा जिला हमेशा से शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी रहा है और यहां के विद्यार्थी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करते आ रहे हैं। रिया की सफलता इसी परंपरा को आगे बढ़ाने का काम करती है।
सुषमा बघेल ने इस अवसर पर सम्माननीय उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा जी का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से हायर सेकेंडरी स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सुविधा लागू की गई है, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा मिल रही है और इसका सकारात्मक प्रभाव अब परीक्षा परिणामों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
साथ ही उन्होंने एक महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दे पर भी ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि जब हर परीक्षा परिणाम में बेटियाँ लगातार आगे बढ़ रही हैं, तो फिर महिलाओं को केवल 33 प्रतिशत आरक्षण तक सीमित रखने की आवश्यकता पर पुनर्विचार होना चाहिए।
अंत में सुषमा गणपत बघेल ने रिया केशरवानी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए एकप्रेरणा बनेगी।


























































































































