कवर्धा:- जिले के जाने-माने वरिष्ठ अधिवक्ता कय्युम खान की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा बोड़ला थाना क्षेत्र अंतर्गत टोल प्लाजा के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अधिवक्ता कय्युम खान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कय्युम खान किसी काम से जा रहे थे, तभी अचानक तेज गति से आ रही बोलेरो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

घटना की जानकारी मिलते ही बोड़ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
वरिष्ठ अधिवक्ता कय्युम खान की अचानक हुई मौत से जिले के वकील समुदाय और परिचितों में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय लोगों और अधिवक्ताओं ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार वाहन चालक की तलाश कीजा रही है।







