कवर्धा:- मुख्य मार्ग राम्हेपुर खुर्द में नाली की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो रहा है। जलभराव की स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि बारिश का पानी स्थानीय निवासी हेतराम चंद्रवंशी के घर में घुस रहा है। वहीं सड़क पर पानी भरने के कारण स्कूली बच्चों को भी स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर पंच, सरपंच एवं सचिव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों को कई बार शिकायत एवं समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि बार-बार शिकायत के बाद भी जिम्मेदार जनप्रतिनिधि समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं।
सड़क पर लगातार पानी जमा रहने से राहगीरों, वाहन चालकों एवं स्कूली बच्चों को परेशानी हो रही है। साथ ही घरों में पानी घुसने से लोगों को आर्थिक नुकसान और गंदगी की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि राम्हेपुर खुर्द मुख्य मार्ग पर तत्काल नाली का निर्माण कराया जाए और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव न हो और लोगों के घरों में पानी न घुसे।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे अपनी समस्या को लेकर उच्च अधिकारियों तक जाने के लिए मजबूर होंगे।

























































































































