भवानीपुर, पलारी:-विकासखंड पलारी अंतर्गत ग्राम पंचायत बिजराडीह में लंबे समय से ग्रामीणों द्वारा की जा रही सीसी रोड निर्माण की मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। शासन द्वारा लगभग 10 लाख रुपए की लागत से स्वीकृत सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ। भूमिपूजन के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखा गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष सविता भीम यादव उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि गांव के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में गांव की प्रत्येक गली में चरणबद्ध तरीके से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से खासकर महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहासी विजय कुमार कोसले ने कहा कि शासन से लगातार मांग कर गांव के विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृत कराया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से गांव के विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सभी की सहभागिता से ही गांव का समग्र विकास संभव है और बिजराडीह को एक आदर्श गांव बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर जनपद सदस्य जनार्दन वर्मा, अनुसुईया मोकेश चंद्राकार, महिला महामंत्री प्रभा कोसले, सरपंच सावित्री गेन्टरे, सचिव गिरजा पैगंबर, रवि टंडन सहित गांव के पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने शासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जल्द निर्माण कार्य पूर्ण होने की उम्मीद जताई।






