ओड़िया खुर्द/सहसपुर लोहारा:- भारत सरकार के राष्ट्रीय जनगणना अभियान के प्रथम चरण के अंतर्गत तहसील सहसपुर लोहारा के ग्राम कौहारी, ब्लॉक क्रमांक 0041 में मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कर लिया गया है। इस अभियान के तहत प्रगणकों द्वारा घर-घर पहुंचकर विस्तृत सर्वेक्षण किया गया तथा ग्रामीण क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्रित की गईं।

ग्राम कौहारी में प्रगणक के रूप में कार्यरत मेहरबान अली, प्रधान पाठक प्राथमिक शाला कौहारी ने पूरे गांव का जिम्मेदारीपूर्वक भ्रमण कर आंकड़ों का संकलन किया। उन्होंने प्रत्येक घर तक पहुंचकर परिवारों से जानकारी प्राप्त की और सभी आंकड़ों को मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से डिजिटल पोर्टल पर अपलोड किया। सर्वेक्षण प्रारंभ करने से पूर्व क्षेत्र का नजरी नक्शा भी तैयार किया गया, जिससे कार्य को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से पूरा करने में सहायता मिली।

अभियान के दौरान आवासीय भवनों के साथ-साथ व्यावसायिक, शासकीय एवं सामुदायिक भवनों का भी सर्वेक्षण किया गया। इसके अलावा पूजा स्थल, ट्यूबवेल, मुक्तिधाम, प्रतीक्षालय सहित विभिन्न सार्वजनिक संसाधनों की जानकारी भी दर्ज की गई। सर्वे में भवनों की स्थिति, उपयोग, परिवारों की संख्या तथा उपलब्ध सुविधाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी संकलित की गई। सर्वेक्षण में यह भी सामने आया कि कई भवनों के भीतर अलग-अलग परिवार निवास कर रहे हैं, जिन्हें अलग मकानों के रूप में चिन्हित किया गया।
पूरे अभियान के सफल संचालन में चार्ज अधिकारी डॉ. विवेक कुमार गोहिया, अतिरिक्त चार्ज अधिकारी श्री नागेश कुमार तांडेय तथा पर्यवेक्षक श्री रमेश दास मानिकपुरी, सर्किल क्रमांक 006 की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं सतत निगरानी से कार्य की गुणवत्ता और आंकड़ों की सटीकता सुनिश्चित की गई।
चार्ज अधिकारी (ग्रामीण) डॉ. विवेक गोहिया ने प्रगणक के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में जिम्मेदारी और ईमानदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि ग्राम कौहारी में कार्य पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ संपन्न हुआ है, जो प्रशासनिक दक्षता और टीम वर्क का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना के दौरान एकत्रित किए गए आंकड़े भविष्य की योजनाओं, शासन की विकास नीतियों और गांव के समग्र विकास के लिए आधार बनेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति और आवश्यकताओं को समझने में यह सर्वे अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
राष्ट्रीय जनगणना अभियान के इस चरण के सफल समापन से क्षेत्र में प्रशासनिक कार्यों के प्रति लोगों का विश्वास भी मजबूत हुआ है तथा ग्रामीणों ने भी अभियान में सहयोग कर सकारात्मक
सहभागिता निभाई।






