कांकेर / बस्तर:- छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा बलों का नक्सल उन्मूलन अभियान तेज़ी से जारी है। ताजा जानकारी के अनुसार, कांकेर जिले के छोटेबेठिया क्षेत्र में शुक्रवार को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है, जिसमें दो नक्सलियों के मारे जाने की प्रारंभिक सूचना मिली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इंदिरा कल्याण एलिसेला ने बताया कि छोटेबेठिया के जंगलों में आज सुबह से ऑपरेशन चल रहा था, इसी दौरान सुरक्षाबलों की एक पार्टी की नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। फिलहाल जवानों का दल संपर्क में है, लेकिन विस्तृत और पक्की जानकारी उनके लौटने के बाद ही मिल पाएगी।
लगातार जारी हैं ऑपरेशन, हाल में कई नक्सली कमांडर मारे गए
छत्तीसगढ़ पुलिस और केंद्रीय बलों द्वारा नक्सलियों के खिलाफ लगातार बड़े स्तर पर संयुक्त ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। हाल ही में सुकमा जिले से लगे आंध्रप्रदेश के सीमावर्ती जंगलों – मारडेपल्ली में ग्रेहाउंड्स फोर्स और नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में नक्सली कमांडर गाजरला उर्फ उदय और वीआरएल चैतन्य उर्फ अरुणा को मार गिराया गया था।
बताया जा रहा है कि अरुणा, गरियाबंद में मारे गए खूंखार नक्सली चलपति की पत्नी थी, जो लंबे समय से संगठन के शीर्ष नेतृत्व में सक्रिय थी। इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी रणनीतिक सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
बस्तर को नक्सल मुक्त बनाने का संकल्प
राज्य सरकार और सुरक्षा एजेंसियों ने बस्तर को नक्सलवाद से पूर्ण रूप से मुक्त करने का संकल्प लिया है। इसी क्रम में दंतेवाड़ा, नारायणपुर, बीजापुर, सुकमा, कांकेर सहित सभी नक्सल प्रभावित जिलों में गहन गश्ती, खुफिया इनपुट पर कार्रवाई, और सर्जिकल ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं।
सुरक्षा बलों द्वारा लगातार कार्रवाई से नक्सली संगठन में बौखलाहट की स्थिति बनी हुई है। आत्मसमर्पण की दर बढ़ी है और कई इलाकों से नक्सलियों की पकड़ कमजोर होने की भी सूचनाएं मिल रही हैं।
आम जनता में राहत की भावना
लगातार हो रही सफल कार्रवाइयों से बस्तर के ग्रामीण अंचलों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। ग्रामीण अब पहले की तुलना में ज्यादा खुलकर पुलिस और प्रशासन के साथ संवाद कर रहे हैं।
अधिकारियों ने दी चेतावनी
वरिष्ठ अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि शेष बचे नक्सलियों को भी आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का अवसर है, अन्यथा सुरक्षा बल किसी भी स्थिति से निपटने को तैयार हैं।