भिलाई, 24 मार्च:- भिलाई के बजरंग भक्त रक्तदान सेवा समिति द्वारा आयोजित छटवें स्थापना दिवस समारोह में राज्यस्तरीय सम्मान वितरण का आयोजन किया गया। इस समारोह में कवर्धा जिले से नयी चमक रक्तदान एवं जनकल्याण समिति के जिलाध्यक्ष हरीश साहू और उनकी समिति को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इस समारोह का आयोजन भिलाई के कैम्प 1 स्थित BSP स्कूल में किया गया, जिसमें प्रदेशभर के विभिन्न जिलों से समाजसेवियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने हरीश साहू और उनके साथियों को राज्यस्तरीय शील्ड से सम्मानित किया। हरीश साहू और उनकी टीम पिछले 8 वर्षों से रक्तदान, गौसेवा और जनकल्याण कार्यों में सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। उन्होंने कवर्धा जिले में समाजसेवक के रूप में प्रतिष्ठा प्राप्त की है।

समिति ने 2017 से ही कवर्धा जिले में गरीब और बेसहारा लोगों की मदद करना शुरू किया था। विशेष रूप से सिकलसेल, थैलीसीमिया जैसी गंभीर बीमारियों से ग्रस्त बच्चों को गोद लेकर उन्हें नियमित रूप से रक्तदान किया जा रहा है। इसके अलावा, समिति द्वारा एनीमिया के मरीजों को भी रक्तदान के माध्यम से मदद पहुंचाई जाती है। हरीश साहू और उनकी टीम रक्तदान के महत्व को लोगों और युवाओं में जागरूक करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। इसका परिणाम यह हुआ है कि अब जिले के युवा स्वंय आगे आकर रक्तदान कर रहे हैं, और वनाचल क्षेत्र के युवा भी इस मुहिम में शामिल होकर दूसरों को जागरूक कर रहे हैं।
हरीश साहू के गौसेवा कार्यों को भी सराहा गया। वे मैत्री गौसेवक के रूप में गौवंश की सुरक्षा के लिए भी सक्रिय हैं। जिले के गौवंशों को रेडियम बेल्ट पहनाकर वाहन से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने का प्रयास किया गया है। इसके अलावा, गौ हिंसा रोकने के लिए पशुपालन विभाग की योजना के तहत सभी गौवंश और अन्य जीवों को टैग किया गया है, ताकि उनकी गिनती हो सके और उन्हें सुरक्षित रखा जा सके। समिति ने गर्मी के मौसम में गौमाता और अन्य जीवों के लिए पानीदान की व्यवस्था भी की है।
समिति द्वारा गरीब, बेसहारा और मानसिक रूप से पीड़ित लोगों की मदद भी निरंतर की जा रही है। इन सभी सेवाओं के कारण समिति का नाम जिले में एक अलग पहचान बना चुका है। हरीश साहू ने इस सम्मान को अपनी समिति के सभी सदस्य और रक्तदाताओं को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान समाज और समिति के प्रत्येक सदस्य की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। जिलेभर के लोग इस सम्मान से हर्षित हैं और उन्होंने हरीश साहू को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।







