कवर्धा, दिनांक 11 मई 2026:- आचार्य पंथ श्री ग्रंथ मुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कवर्धा (जिला कबीरधाम, छत्तीसगढ़) में IQAC, साइंस क्लब एवं प्राणीशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “Aquarium Setup for Ornamental Fish-Keeping” विषय पर एक दिवसीय जिला स्तरीय हैंड्स ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन स्मार्ट क्लास रूम में किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ऋचा मिश्रा के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके पश्चात राजगीत एवं अतिथियों का स्वागत किया गया।
आज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार शर्मा द्वारा उद्घाटन संबोधन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में एक्वेरियम एवं ऑर्नामेंटल फिश-कीपिंग स्वरोजगार एवं उद्यमिता का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र बनता जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को इस प्रकार के व्यावहारिक एवं कौशल आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों से अधिकाधिक लाभ लेने हेतु प्रेरित किया तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं नवाचार को अपनाने पर बल दिया।
कार्यक्रम की रूपरेखा प्राणीशास्त्र विभागाध्यक्ष संतोष कुमार डहरिया द्वारा प्रस्तुत की गई। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं मुख्य गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिभागियों को ऑर्नामेंटल फिश कल्चर यूनिट की स्थापना, एक्वेरियम सेटअप, ग्रेवल एवं पौधों की सजावट, फिल्टर इंस्टॉलेशन, जल की तैयारी, मछलियों का सुरक्षित परिचय तथा दैनिक एवं साप्ताहिक रखरखाव संबंधी व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम के मुख्य स्रोत वक्ता डॉ. दुष्यंत कुमार दामले ने अपने व्याख्यान एवं प्रशिक्षण सत्र में प्रतिभागियों को एक्वेरियम प्रबंधन की वैज्ञानिक तकनीकों से अवगत कराया। उन्होंने विभिन्न प्रकार की सजावटी मछलियों, उनके पालन-पोषण, जल गुणवत्ता प्रबंधन तथा एक्वेरियम रखरखाव की विधियों को सरल एवं व्यावहारिक ढंग से समझाया। हैंड्स ऑन प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने स्वयं एक्वेरियम सेटअप की प्रक्रिया का अभ्यास किया तथा अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, स्टार्ट-अप्स, कृषकों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं अन्य इच्छुक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रश्नोत्तर एवं फीडबैक सत्र में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं रोजगारोन्मुख बताया।
इस अवसर पर IQAC प्रभारी डॉ. अनिल कुमार शर्मा, साइंस क्लब प्रभारी दीपक कुमार देवांगन, सह-आयोजन सचिव डॉ. दीप्ति जांगड़े, डॉ नरेन्द्र कुमार कुलमित्र, डॉ. सीमा मांडवी, डॉ. सुनीता जाखड़, डॉ. जय मेहरा सहित आयोजन समिति के सदस्य गोवर्धन चन्द्रवंशी, उमेश कुमार राजपूत, संजय यादव, विक्रम चन्द्रवंशी, खिलेश ठाकुर, आशीष पाण्डेय, संजय खान, चंचल साहू, कु. प्राची श्रीवास्तव, वीरेन्द्र कुमार, चन्द्रकिरण चन्द्रवंशी, माधुरी भास्कर, कु. किरन देवांगन, हितेश कुमार तथा महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन डॉ. अनिल कुमार शर्मा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।







