बोड़ला:- जमीन के बंटवारे को लेकर उपजा पारिवारिक विवाद बुधवार को उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया जब ग्राम बडौदा खुर्द में एक युवक ने अपने रिश्तेदार पर धारदार टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल वृद्ध को इलाज के लिए तुरंत सीएससी बोड़ला में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अश्वन साहू पिता भगत साहू, उम्र 26 वर्ष, निवासी खडौदा खुर्द (चौकी बैजलपुर, थाना बोड़ला) ने दिनांक 09 जुलाई 2025 को थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसी दिन दोपहर करीब 4 बजे ग्राम बडौदा खुर्द निवासी सुरेश साहू पिता तिजउ साहू, उम्र 32 वर्ष, ने जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद में अपने रिश्तेदार मुतर्जर झाडूराम साहू पिता समारू साहू, उम्र 65 वर्ष, पर टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पीड़ित के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत अपराध क्रमांक पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। घायल झाडूराम साहू का चिकित्सकीय परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला में कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति नाजुक बताई है।
प्रकरण के तहत पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए। नजरी नक्शा तैयार किया गया एवं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए गए। आरोपी को तलब कर पूछताछ की गई, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। सुरेश साहू के मेमोरेण्डम कथन पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टंगिया भी बरामद कर लिया है।
आरोपी को दिनांक 10 जुलाई 2025 को दोपहर करीब 2:30 बजे विधिवत रूप से गिरफ्तार किया गया। उसकी गिरफ्तारी की सूचना उसकी पत्नी सविता साहू को दी गई। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि इस प्रकार के गंभीर अपराधों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि विवाद के कारण उत्पन्न होने वाली हिंसात्मक घटनाओं को रोकने के लिए जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।







