रायपुर:- थैलेसीमिया और सिकल सेल जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारियों से जूझ रहे बच्चों के लिए राजधानी रायपुर में मेगा ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष रक्तदान शिविर 2 जुलाई, बुधवार को सचदेव धर्मशाला, रमन मंदिर, फाफाडीह में आयोजित होगा।
इस पहल का आयोजन रोटरी क्लब ऑफ रायपुर क्वींस और रोटरी क्लब ऑफ रॉयल रायपुर के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा है। दोनों संस्थाओं ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आगे आकर इन मासूम बच्चों की जिंदगी बचाने के लिए रक्तदान करें, क्योंकि “रक्तदान महादान है, यह जीवनदान है।”
राजधानी रायपुर की बात करें तो यहां 108 से अधिक बच्चे थैलेसीमिया और सिकल सेल जैसी बीमारियों से पीड़ित हैं, जिन्हें हर 15 दिन में रक्त चढ़ाना अनिवार्य होता है। यदि समय पर इन्हें रक्त न मिले, तो उनकी जान पर बन आती है।
काश फाउंडेशन लंबे समय से इस दिशा में कार्य कर रहा है, जो इन बच्चों को निशुल्क ब्लड उपलब्ध कराता है, ताकि वे इस कठिन बीमारी से लड़ सकें और सामान्य जीवन जी सकें।
इस मेगा ब्लड डोनेशन कैंप का उद्देश्य है समाज में जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद बच्चों को समय पर जीवनरक्षक रक्त मुहैया कराना। आयोजकों ने सभी लोगों से मानवता के इस पुनीत कार्य में भाग लेने की अपील की है।





