ओड़िया खुर्द/कबीरधाम:- 01 मई 2026 कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा तहसील अंतर्गत सर्किल क्रमांक 006 में जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण’ कार्य का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। जनगणना पर्यवेक्षक रमेश दास मानिकपुरी ने सभी प्रगणकों को मुंह मीठा कराकर विधिवत रूप से कार्य प्रारंभ कराया और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए फील्ड के लिए रवाना किया।

यह कार्यक्रम शासकीय प्राथमिक शाला नवागांव में आयोजित किया गया, जहां प्रगणकों को नजरी नक्शा तैयार करने की प्रक्रिया समझाई गई तथा सर्वे कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु विस्तृत प्रशिक्षण भी दिया गया।

आज, 1 मई से ग्राम नवागांव में प्रगणक संजय कुमार साहू द्वारा भवन क्रमांक 60 से मकान सूचीकरण सर्वे कार्य की शुरुआत की गई। सर्किल क्रमांक 006 के अंतर्गत विभिन्न ग्रामों में प्रगणकों की नियुक्ति इस प्रकार की गई है—

* ग्राम बचेड़ी: दुर्दाना खातून, श्रीमती शशिकला बेक
* ग्राम मजगांव एवं कौहारी: मेहरबान अली
* ग्राम नवागांव: संजय साहू
* ग्राम नावगांव एवं चंदेनी: संतोष नायक
* ग्राम खड़ौदा: तीरथ जायसवाल
यह समूचा कार्य चार्ज अधिकारी विवेक कुमार गोहिया के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है। लोहारा ब्लॉक में जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए 6 फील्ड ट्रेनरों की नियुक्ति की गई है, जो प्रगणकों को समय-समय पर मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए तहसील स्तर पर एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां विशेषज्ञों की टीम निरंतर सहायता प्रदान कर रही है। वहीं, सभी सुपरवाइजर अपने-अपने प्रगणकों के साथ सतत संपर्क में रहते हुए किसी भी विपरीत परिस्थिति से निपटने के लिए तत्पर नजर आ रहे हैं।
प्रशासन का कहना है कि जनगणना 2027 का यह पहला चरण अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसके आधार पर आगे की योजनाओं का निर्माण किया जाएगा। ऐसे में कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
“जय जनगणना” के संदेश के साथ जिले में इस महत्त्वपूर्ण अभियान की शुरुआत सकारात्मक माहौल में की गई।






