कवर्धा:- 108 टीम ने अपनी सूझबूझ से गर्भवती महिला का एम्बुलेंस में सुरक्षित प्रसव कराया। माँ और बेटी दोनों स्वस्थ हैं। 108 संजीवनी एक्सप्रेस की तत्परता और ईएमटी की सूझबूझ से एम्बुलेंस में गूँजी किलकारी।


जानकारी के अनुसार ग्राम गोपालभवना निवासी गर्भवती महिला पूजा चंद्राकर उम्र 22 वर्ष पति नीलकंठ चंद्राकर को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरीया में भर्ती कराया था । परंतु प्रसव जटिल होने के कारण गर्भवती महिला को उच्च संस्थान जिला अस्पताल कवर्धा के लिए रिफर किया गया ।कवर्धा रिफर करने के लिए संजीवनी एक्सप्रेस वाहन 108 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डायल 108 के ईएमटी ओमप्रकाश सिन्हा एवं पायलट चंद्रप्रकाश भास्कर ,जिला अस्पताल कवर्धा के लिए रवाना हुए। रास्ते में रायपुर रोड रानीसागर के पहले गर्भवती महिला को तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। ईएमटी ओमप्रकाश सिन्हा ने अपने सूझबूझ का परिचय देते हुए सर्वप्रथम ईआरसीपी के माध्यम से डॉक्टर अंकित को वस्तुस्थिति से अवगत कराया और उनके सलाहनुसार परिजनों से बात कर गर्भवती महिला की स्थिति को देखते हुए एम्बुलेंस में ही प्रसव कराने का निर्णय लिया।
सर्वप्रथम एम्बुलेंस को सुरक्षित खड़ी कर प्रसव प्रक्रिया प्रारंभ की। कुछ ही क्षणों पश्चात एम्बुलेंस में बच्ची की किलकारी गूंजने लगी। पूजा चंद्राकर ने स्वस्थ बेटी को जन्म दिया। इसके पश्चात माँ बेटी को जिला अस्पताल कवर्धा में शिफ्ट कराया गया। सुरक्षित प्रसव के लिए परिजनों ने संजीवनी एक्सप्रेस 108 टीम पिपरिया को धन्यवाद दिया।


























































































































