पांडातराई:- नगर पंचायत पांडातराई की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई है। क्षेत्रवासियों को लंबे समय से उप तहसील की सौगात मिलने का इंतजार था। आज यह सपना साकार हुआ जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने उप तहसील स्थापना की स्वीकृति प्रदान कर दी।

इस महत्वपूर्ण निर्णय से नगरवासियों और ग्रामीण अंचल के लोगों में हर्ष और उल्लास का वातावरण है। लोगों ने पटाखे फोड़कर और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। क्षेत्र के लोकप्रिय एवं उत्कृष्ट विधायक भावना बोहरा के अथक प्रयासों से उप तहसील स्थापना का यह ऐतिहासिक कार्य संभव हो पाया है।
नगरवासियों ने विधायक भावना दीदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने वादे को निभाया और क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करवाया। पूर्व पार्षद कोमल साहू एवं जनभागीदारी अध्यक्ष ने भी विधायक जी को धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि उप तहसील की स्थापना से राजस्व संबंधी कार्य अब स्थानीय स्तर पर ही संपादित होंगे, जिससे आम जनता को काफी राहत मिलेगी।

इस निर्णय के बाद पूरे नगर पंचायत पांडातराई समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में उत्सव जैसा माहौल है। लोग इस निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में मील का पत्थर मान रहे हैं।







