कवर्धा:- कवर्धा कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक बुजुर्ग महिला हाथ में रस्सी लेकर आत्महत्या करने की नीयत से ऑफिस पहुंची। महिला का आरोप है कि वह पिछले 40 वर्षों से अपनी जमीन के हक़ के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रही है, लेकिन अब तक उसकी सुनवाई नहीं हुई।
आपको बता दें की महिला गुस्से में सीधे कलेक्टर कक्ष के सामने पहुंची और रोते-बिलखते चिल्ला चिल्ला कर अपनी समस्या बताने लगी। महिला ने कहा कि 40 साल से अधिकारी कर्मचारी, नेता जनप्रतिनिधि के पास चक्कर लगाकर थक चुकी हूं अब उसके पास जान देने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल महिला को समझाकर शांत कराया और रस्सी अपने कब्जे में ले ली।
घटना के बाद प्रशासन ने महिला की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर सरकारी तंत्र की लापरवाही और लंबित मामलों के समाधान में हो रही देरी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


























































































































