पांडातराई:- नगर के मणी कंचन केंद्र में गुरुवार को एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रजनी गेंदले पति पिल्लू गेंदले, निवासी ग्राम टेडहाधवरा, थाना फास्टरपुर, जिला मुंगेली के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका अपने पति और बच्चों के साथ पांडातराई नगर में किराए के मकान में रह रही थी। बताया जा रहा है कि वह अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए यहां आई थी। रोज़मर्रा की जिंदगी सामान्य रूप से गुजर रही थी, लेकिन अचानक इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
घटना के बाद बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। परिवारजन और आसपास के लोग इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। सूचना मिलते ही पांडातराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।







