सहसपुर लोहारा, कबीरधाम:- कबीरधाम जिले के थाना सहसपुर लोहारा अंतर्गत चौकी रणवीर क्षेत्र के सीमावर्ती ग्राम पैलपार में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव के एक कुएँ में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना सामने आई। यह गांव थाना खम्हरिया–नगर की सीमा से सटा हुआ बताया जा रहा है, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है।
ग्रामीणों ने जब कुएँ में शव को तैरते हुए देखा तो गांव में अफरा-तफरी मच गई। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सहसपुर लोहारा थाना पुलिस और चौकी रणवीरपुर की टीम मौके पर पहुंची। कुआँ गहरा होने के कारण शव को बाहर निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कड़ी मेहनत के बाद शव को कुएँ से बाहर निकाला गया।
शव की स्थिति और उस पर पाए गए निशानों को देखकर प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, शव की हालत ऐसी है जिससे हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी भी प्रकार के निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की गई और आगे की जांच के लिए पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मृतक की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों एवं सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी एकत्र कर रही है, ताकि मृतक की पहचान की जा सके। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मृतक किस क्षेत्र का रहने वाला है और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई।
घटना के बाद से ग्राम पैलपार सहित आसपास के इलाकों में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों में तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। सभी की निगाहें अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठ सके।







