कवर्धा:- आज जिला मुख्यालय सेन भवन कवर्धा में संत शिरोमणि सेन जी महाराज की 725वीं जयंती समारोह बड़े ही धूमधाम एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजा-पताका पूजन एवं विधिवत पूजन-पाठ से किया गया। संत सेन महाराज की स्मृति में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजनों की उपस्थिति रही।
संत सेन महाराज का जन्म विक्रम संवत 1357 में बैसाख कृष्ण द्वादशी के दिन हुआ था। उनका बचपन का नाम नंदा था। बचपन से ही वे अत्यंत विनम्र, दयालु एवं ईश्वर के प्रति गहरी आस्था रखने वाले व्यक्ति थे। उनके पिता का नाम मुकुंद राय, माता का नाम जीवनी तथा पत्नी का नाम सुलखनी था। उन्होंने अपने जीवनकाल में समाज सेवा, भक्ति एवं सदाचार का संदेश दिया। मध्यप्रदेश के बांधवगढ़ में जन्मे संत सेन जी महाराज ने सन् 1440 ईस्वी में देह त्याग किया था।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व जिला अध्यक्ष सर्व सेन नाई समाज कवर्धा दिनेश सेन, जिला उपाध्यक्ष नंद सेन (बाझीमौहा), ब्लॉक इकाई अध्यक्ष कपिल श्रीवास, जनपद उपाध्यक्ष बोड़ला नंद श्रीवास, ब्लॉक सचिव पदुम सेन, शहर अध्यक्ष सोनू सेन, राजेश सेन, रामू श्रीवास, राजू सेन, मनहरण सेन, अवधेश सेन एवं समाज के कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।
समारोह में संत सेन महाराज के जीवन एवं उपदेशों पर प्रकाश डाला गया तथा समाज में एकता, भाईचारा और सेवा भावना को बढ़ाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का समापन प्रसादी वितरण एवं भजन कीर्तन के साथ हुआ।