प्रमोद कुमार सोनवानी, पेंड्रा:- राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकानों में माह जून से अगस्त 2025 तक तीन माह का चावल एकमुश्त राशनकार्ड धारको को माह जून में ही वितरण कर दिया जाएगा। माह जून में एकमुश्त चावल के वितरण के लिए चावल उत्सव का आयोजन 01 जून से किया जाएगा। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि हितग्राहियों को ई-पॉस मशीन में जून से अगस्त 2025 के प्रत्येक माह हेतु बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण के जरिए चावल के एकमुश्त उठाव की सुविधा संबंधी प्रावधान होगा।

इस संबंध में जिला गौरेला पेण्ड्रा मरवाही के सभी शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालकों को निर्देश जारी कर दिया गया है। हितग्राहियों को असुविधा नहीं हो इस हेतु हर ग्राम पंचायत में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो हितग्राहियों को तीन माह के एकमुश्त चावल वितरण का दैनिक निगरानी कर जानकारी विभाग को प्रस्तुत करेंगे। तीन माह का चावल एकमुश्त वितरण हेतु जिले के सभी संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकानों में चावल का भण्डारण 30 मई 2025 तक पूर्ण कर ली जाएगी।







