रायपुर:- राजधानी के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रोफेसर कॉलोनी में अनैतिक देह व्यापार के एक मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने रविवार को छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। मौके से चार मोबाइल फोन, आपत्तिजनक सामग्री और रैकेट से जुड़ी अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक घर में देह व्यापार की गतिविधियां संचालित हो रही हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में पुरानी बस्ती थाना और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक पाईंटर को नकद देकर सौदा तय करने भेजा। सौदा तय होते ही पुलिस ने मौके पर दबिश दी और एक युवक तथा दो युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा।

मुख्य आरोपी की पहचान और खुलासा
गिरफ्तार आरोपियों में आकाश साहू (39 वर्ष), निवासी सड्डू रायपुर, ने पूछताछ में बताया कि वह अपनी महिला मित्र के साथ मिलकर इस अवैध धंधे में संलिप्त था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि एक पीड़िता को जबरन इस धंधे में धकेला गया था।
जांच के दौरान इस रैकेट के मुख्य सरगना कृषाणु दास (42 वर्ष) का नाम सामने आया है, जो शंकर नगर का निवासी है। पुलिस के अनुसार, वह रायपुर के समता कॉलोनी, कटोरा तालाब और खम्हारडीह क्षेत्रों में तीन स्पा सेंटर संचालित करता है। इन स्पा सेंटरों की आड़ में ही वह देह व्यापार का अवैध धंधा चलाता था।
अन्य आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन से व्हाट्सएप चैट्स, संदिग्ध ट्रांजेक्शन्स और रैकेट से जुड़ी अहम जानकारियां बरामद की हैं। आरोपियों पर अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956 की धारा 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, रैकेट से जुड़े अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत संबंधित थाना या पुलिस हेल्पलाइन पर दें, जिससे समाज में इस तरह के अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।







