कवर्धा:- मानवता की सेवा में समर्पित नयी चमक रक्तदान एवं जनकल्याण समिति ने अपने स्थापना के 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्थानीय पी.जी. कॉलेज डोम में एक विशाल रक्तदान शिविर एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम में जिले भर से आए युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समाजसेवा का परिचय दिया।

आयोजन के दौरान कुल 110 युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन रक्षण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं रक्तदान एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 200 युवाओं को समिति द्वारा शील्ड, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 50वीं बार (अर्धशतक) रक्तदान करने वाले कुजराम साहू का विशेष सम्मान रहा, जिन्हें उपस्थित अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सम्मानित किया।

इस अवसर पर प्रमुख अतिथि के रूप में कवर्धा पार्षद अनिल साहू, आस्था संस्था से राजेश गोयल जी, रेडक्रॉस समन्वयक एवं उनकी पूरी टीम, बालाराम साहू, डी.ई.डी. अधिकारी एवं शिक्षक सतीश यदु जी तथा यातायात प्रभारी अजय त्रिपाठी जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने रक्तवीरों को यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हेलमेट एवं प्रशस्ति पत्र वितरित कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नयी चमक रक्तदान समिति के जिलाध्यक्ष हरीश साहू ने कहा कि समिति ने पिछले 10 वर्षों में सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में एक विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि सिकलसेल एवं थैलीसीमिया जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना समिति का प्रमुख उद्देश्य है। इसके साथ ही समिति द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर एवं अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाती रही हैं।
जिलाध्यक्ष श्री साहू ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी समिति इसी समर्पण और निष्ठा के साथ मानवता की सेवा में निरंतर कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में भोरमदेव एवं संकल्प रक्तदान समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अंत में नयी चमक समिति के जिलाध्यक्ष एवं प्रमुख सदस्यों ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों एवं रक्तदाताओं का गरिमामयी उपस्थिति प्रदान कर आयोजन को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।







