रायपुर:- छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 26 जून से प्रदेशभर में व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही आज भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। वहीं कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ अंधड़ और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जिससे तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिली है। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस माना में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रारोड में 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग की माने तो वर्तमान में तीन प्रमुख सिस्टम सक्रिय हैं, जो प्रदेश में वर्षा की स्थिति बना रहे हैं।
-
एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मध्य उत्तर प्रदेश के दक्षिणी भाग में स्थित है, जो 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है।
-
वहीं एक द्रोणिका मध्य उत्तर प्रदेश के दक्षिणी भाग से उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक, होते हुए उत्तर पूर्व मध्यप्रदेश, झारखंड और उत्तर ओडिशा तक विस्तारित है। यह द्रोणिका 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है।
-
इसके अलावा एक और चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी एवं उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी, तटीय आंध्रप्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट के ऊपर 5.8 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है।
इन मौसमी प्रणालियों के चलते आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश की संभावना बन रही है। मौसम विभाग ने नागरिकों से सतर्कता बरतने और मौसम से संबंधित अलर्ट पर ध्यान देने की अपील की है।