बोड़ला:- स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय बोड़ला एक बार फिर विवादों में घिर गया है। महाविद्यालय में लगभग दो करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितताओं का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कॉलेज के प्राचार्य और अकाउंटेंट की मिलीभगत से शासन द्वारा दिए गए अनुदान, छात्रों की फीस और अन्य मदों से प्राप्त राशि में व्यापक घोटाला किया गया है।

इस गंभीर मामले को लेकर आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP), बोड़ला ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान परिषद के नगर मंत्री वेदांत चौहान ने कहा कि –
“छात्रों की फीस गबन करना बेहद निंदनीय कृत्य है। कई छात्र बड़ी मुश्किल से अपनी फीस भर पाते हैं और उस पर भी इस प्रकार की धोखाधड़ी छात्रों के भविष्य के साथ खुला खिलवाड़ है। यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो हम विद्यार्थियों के साथ उपमुख्यमंत्री कार्यालय का घेराव कर पुतला दहन करेंगे।”
वेदांत चौहान ने यह भी बताया कि –
“इससे पहले जिले के पीजी कॉलेज में भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जिसका हमने विरोध किया था और आगे भी छात्रहित में इसी प्रकार से संघर्ष करते रहेंगे।”
ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर उपाध्यक्ष रुपेश भट्ट, नगर सहमंत्री दीपक मरकाम, रिखी चंद्रवंशी, हेमू श्रीवास सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
परिषद की मांग है कि दोषी अधिकारियों को तत्काल निलंबित कर, विस्तृत जांच कराई जाए और छात्रों की फीस की पारदर्शी पुनरावृत्ति सुनिश्चित की जाए।
छात्र संगठन ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि इस विषय पर त्वरित और प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो वह आंदोलन की राह पर उतरने को मजबूर होंगे।







