प्रमोद कुमार सोनवानी,(पेंड्रा):- जिले की आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में इस मंगलवार को कुल 16 आवेदन प्राप्त हुए। अरपा सभा कक्ष में आयोजित इस जनदर्शन में कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने लोगों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों की गंभीरता से जांच कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

कलेक्टर मंडावी ने एकता महिला स्व-सहायता समूह, गिरवर विकासखंड गौरेला की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जनपद सीईओ गौरेला को निर्देशित किया कि वे प्रक्रिया का पालन करते हुए समूह को मछली पालन का कार्य सौंपने की व्यवस्था करें। इसी प्रकार, अवैध कब्जा संबंधित मामलों पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जनदर्शन में आए अन्य आवेदनों में विद्युतिकरण की मांग, सड़कों के अधूरे निर्माण कार्य को पूर्ण कराने, पट्टे की भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण को रोकने, भूमि रिकॉर्ड की त्रुटियों को सुधारने, भूमि अधिग्रहण संबंधी मामलों के निराकरण, लंबित भुगतानों को दिलवाने तथा आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका की नियुक्ति जैसी विभिन्न समस्याएं सामने आईं।
कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता पूर्ण समाधान सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने यह भी कहा कि जनदर्शन का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का यथासंभव त्वरित समाधान करना है, ताकि शासन-प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो।
जनदर्शन में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे और प्राप्त आवेदनों का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की।







