पलारी/बलौदाबाजार:-साहू समाज के तत्वाधान में 8 मार्च को ग्राम देवसुंदरा में सामूहिक आदर्श विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह तहसील साहू संघ पलारी अंतर्गत परिक्षेत्र दतान, भवानीपुर, रोहासी नगर एवं पलारी के संयुक्त तत्वाधान में संपन्न होगा।

संगठन सचिव पलारी **मनोज कुमार साहू** ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आदर्श विवाह समारोह के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 31 फरवरी निर्धारित की गई है। विवाह में शामिल होने के इच्छुक युवक-युवतियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। पंजीयन शुल्क 1000 रुपये निर्धारित किया गया है।
उन्होंने समाजजनों से आग्रह किया कि सभी लोग समाज की रीति-नीति और परंपराओं का पालन करते हुए इस आयोजन को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विवाह समारोहों में अत्यधिक खर्च होने के कारण परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित होती है। ऐसे में आदर्श विवाह जैसी पहल न केवल फिजूलखर्ची को रोकती है, बल्कि समाज में एकता और संगठन को भी मजबूती प्रदान करती है।
मनोज कुमार साहू ने आगे कहा कि बचाया गया धन आने वाली पीढ़ी के भविष्य और अन्य आवश्यक कार्यों में उपयोगी सिद्ध हो सकता है। उन्होंने समाज के सभी सदस्यों से एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनने और समाज को मजबूत एवं संगठित बनाने का आह्वान किया।
यह आयोजन सामाजिक समरसता, सादगी और संगठन की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक लोगों से इस आदर्श विवाह में भाग लेने की अपील की है, ताकि समाज की एक अलग और सकारात्मक पहचान स्था
पित हो सके।






