कवर्धा:- गौसेवा और समाज सेवा में अपनी निष्ठा व सक्रियता का परिचय देने वाले कवर्धा निवासी हरीश साहू को प्रशिक्षित मैत्री गौसेवक संघ का प्रदेश संगठन मंत्री बनाया गया है। यह जिम्मेदारी उन्हें संघ के संरक्षक पाटेश्वरधाम के संत बालकदास जी महाराज की अनुशंसा और प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर राजपूत के विश्वास पर प्रदान की गई।

हरीश साहू वर्ष 2017 से पशुधन विभाग के माध्यम से पशुपालन एवं संवर्धन का प्रशिक्षण प्राप्त कर लगातार जिले में गौसेवा और पशु संरक्षण के कार्यों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल पशु-पक्षियों का निःशुल्क इलाज, उनकी सुरक्षा हेतु रेडियम पट्टा पहनाने, नस्ल सुधार, गर्मी के मौसम में पानी की कमी को दूर करने के लिए जलपात्र व पानीदान की व्यवस्था, बरसात के समय पशुओं में फैलने वाली बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान, तथा पशु गणना हेतु ट्रैकिंग जैसे अनेक सराहनीय कार्य किए हैं।
इन्हीं कार्यों को देखते हुए हरीश साहू को पहले कवर्धा जिले का जिला अध्यक्ष** नियुक्त किया गया था। उनके नेतृत्व और समर्पण से प्रभावित होकर संघ के सभी पदाधिकारियों ने प्रदेश संगठन को और मजबूत व गति प्रदान करने के लिए हरीश साहू के नाम पर सहमति जताई।
संघ के लगभग सभी जिलों के पदाधिकारियों ने हरीश साहू को प्रदेश संगठन मंत्री बनाए जाने पर हर्ष व्यक्त किया और उन्हें शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। संघ के सदस्यों का कहना है कि हरीश साहू का कुशल नेतृत्व संगठन को नई दिशा और मजबूती प्रदान करेगा।







