कबीरधाम:-छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के पंडरिया तहसील अंतर्गत पावन ग्राम रैतापारा में भक्ति, श्रद्धा और राम नाम से ओत-प्रोत एक भव्य धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। बजरंग सेवा समिति के तत्वावधान में गांव में पांच दिवसीय राम चरित मानस कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह भक्तिमय आयोजन 13 जनवरी 2026 से 17 जनवरी 2026 तक संपन्न होगा। कथा के प्रथम चरण में 13 एवं 14 जनवरी 2026 को सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित देव प्रकाश शर्मा द्वारा राम चरित मानस की दिव्य कथा का रसपान कराया जाएगा। इसके पश्चात 15 जनवरी से 17 जनवरी 2026 तक छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय और जाने-माने कथावाचक पंडित कामता प्रसाद शरण जी द्वारा श्री राम चरित मानस की भक्तिमयी कथा प्रस्तुत की जाएगी।

पंडित कामता प्रसाद शरण जी अपनी सरल, सहज, हास्यपूर्ण एवं छत्तीसगढ़ी भाषा में कथा कहने की विशिष्ट शैली के लिए पूरे प्रदेश में प्रसिद्ध हैं। उनकी कथा में भक्ति, ज्ञान और मनोरंजन का अद्भुत संगम देखने को मिलता है, जो श्रोताओं को घंटों तक मंत्रमुग्ध बनाए रखता है। उनकी प्रस्तुतियां विशेष रूप से ग्रामीण अंचलों में अत्यंत लोकप्रिय हैं।
इस पांच दिवसीय आयोजन के दौरान कथा स्थल पर भव्य पंडाल, आकर्षक व्यास पीठ, नियमित भजन-कीर्तन, प्रसाद वितरण एवं अन्य धार्मिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। आयोजन में आसपास के गांवों सहित दूर-दराज क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
आयोजन के अंतिम दिन 17 जनवरी 2026 को शिशु मंदिर के बच्चों द्वारा सुंदर एवं मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
बजरंग सेवा समिति के अध्यक्ष निरंजन चंद्रवंशी ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में राम भक्ति को जीवंत बनाए रखने, सामाजिक समरसता को मजबूत करने तथा युवा पीढ़ी में धार्मिक एवं सांस्कृतिक संस्कारों का संचार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पुनीत श्री राम कथा का लाभ उठाएं।
समिति के सदस्यों एवं ग्रामवासियों द्वारा आयोजन को सफल बनाने हेतु व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
जय श्री राम !
जय हनुमान!







