भिलाई/कबीरधाम:- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का 58वां प्रांत अधिवेशन इस्पात नगरी भिलाई में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण अधिवेशन में छत्तीसगढ़ के कोने-कोने से छात्र शक्ति का नेतृत्व करने वाले एबीवीपी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। अधिवेशन के दौरान संगठन की आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई तथा विभिन्न दायित्वों की घोषणा की गई।

अधिवेशन के दौरान संगठन के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ता गजाधर वर्मा को उनके निरंतर संगठनात्मक कार्य, छात्रहित में सक्रिय भूमिका एवं सशक्त नेतृत्व क्षमता को ध्यान में रखते हुए पुनः अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला कबीरधाम का जिला संयोजक नियुक्त किया गया। इसके साथ ही उन्हें प्रांत कार्यसमिति में भी महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
गौरतलब है कि गजाधर वर्मा इससे पूर्व एबीवीपी में कवर्धा नगर उपाध्यक्ष, नगर मंत्री, नगर सहमंत्री, सेवा कार्य प्रमुख जैसे विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। वे लगातार छह वर्षों से विद्यार्थी परिषद से जुड़े हुए हैं और छात्रहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन, प्रदर्शन एवं रचनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
उनकी निरंतर सक्रियता, संगठन के प्रति समर्पण एवं कार्य अनुभव को देखते हुए एबीवीपी के प्रांत एवं विभागीय पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि गजाधर वर्मा का अनुभव संगठन को नई दिशा देगा तथा छात्रहित के कार्यों को और अधिक सशक्त बनाएगा।
पुनः दायित्व मिलने पर गजाधर वर्मा ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की विचारधारा के अनुरूप छात्रहित, राष्ट्रहित एवं संगठन विस्तार के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।
अधिवेशन में प्रांत भर से आए कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इस दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, छात्र समस्याओं के समाधान तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।







