दुल्लापुर बाजार (पंडरिया छत्तीसगढ़):- पंडरिया विधायक भावना के के क्षेत्र में माइग्रेशन प्रमाण पत्र के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूली का मामला उजागर हुआ है जहां स्कूल के प्राचार्य का अवैध वसूली का Video. सामने आया है शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दुल्लापुर बाजार में माइग्रेशन प्रमाण पत्र जारी करने के नाम पर छात्रों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने का गंभीर मामला सामने आया है। छात्रा शुभांगी शर्मा पिता रामेश्वर शर्मा, जो कि अपने मामा के यहां दुल्लापुर बाजार में निवास करती हैं, ने इस संबंध में लिखित शिकायत प्रस्तुत की है।
शुभांगी शर्मा ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2024-25 में उक्त विद्यालय से 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है। परीक्षा परिणाम के बाद वे अंकसूची, टीसी, चरित्र प्रमाण पत्र एवं माइग्रेशन प्रमाण पत्र प्राप्त करने विद्यालय पहुंची थीं। जब उन्होंने माइग्रेशन प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया, तो लिपिक द्वारा व्याख्याता आरती मिश्रा से हस्तलिखित पर्ची लाने को कहा गया। व्याख्याता आरती मिश्रा ने उन्हें माइग्रेशन प्रमाण पत्र के लिए 130 रुपये देने को कहा, जबकि बोर्ड द्वारा निर्धारित शुल्क मात्र 100 रुपये है।

जब शुभांगी ने इस अतिरिक्त शुल्क का कारण पूछा, तो आरती मिश्रा ने स्पष्ट रूप से कहा कि यह प्राचार्य का आदेश है कि सभी छात्रों से 130 रुपये ही लिए जाएंगे। छात्रा ने बताया कि जब उसने शुल्क देने से इनकार किया, तो उसे कार्यालय से भगा दिया गया और माइग्रेशन प्रमाण पत्र जारी करने से मना कर दिया गया।
शुभांगी ने बताया कि उसने दो से तीन बार विद्यालय जाकर प्रमाण पत्र लेने का प्रयास किया, लेकिन प्रत्येक बार उसे शुल्क देने के लिए दबाव डाला गया। अंततः जब उसके मामा स्वयं विद्यालय पहुंचे और 130 रुपये का भुगतान किया, तभी जाकर माइग्रेशन प्रमाण पत्र दिया गया। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि विद्यालय प्रशासन द्वारा अन्य छात्रों से भी इसी प्रकार 130 रुपये वसूले जा रहे हैं।
इस पूरे प्रकरण ने विद्यालय प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रा ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित प्रशासन से मांग की है कि प्राचार्य एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध जांच कर उचित कार्यवाही की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र को अनावश्यक आर्थिक शोषण का शिकार न होना पड़े।







