कुकदूर (कबीरधाम):- मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही एक बोरवेल मशीन से भरी गाड़ी शुक्रवार को कुकदूर थाना क्षेत्र अंतर्गत आगरपानी चाटा घाटी में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में मौके पर ही चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों के शव वाहन के नीचे दबे हुए हैं, जिन्हें निकालने का प्रयास जारी है।
घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है, जब बोरवेल ड्रिलिंग मशीन ले जा रही यह भारी वाहन पहाड़ी मोड़ पर संतुलन खो बैठी और सैकड़ों फीट नीचे खाई में गिर गई। वाहन इतनी ऊंचाई से गिरा कि उसकी हालत चकनाचूर हो गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।
रेस्क्यू में पहाड़ी बाधा
घटना स्थल घाटी के नीचे स्थित होने के कारण **रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बचाव दल को शव निकालने के लिए मशीनों की सहायता लेनी पड़ रही है। घायलों को घाटी से ऊपर लाने में भी परेशानी हो रही है। पुलिस, होमगार्ड और SDRF की टीम मौके पर मौजूद है।
प्राथमिक जांच में सामने आई लापरवाही
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे और घाट क्षेत्र में वाहन की गति नियंत्रित नहीं थी। ऐसे में यह भी आशंका जताई जा रही है कि ब्रेक फेल होने या ड्राइवर की लापरवाही के चलते यह भीषण हादसा हुआ।
मृतकों की पहचान जारी
घटनास्थल पर शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हो चुके हैं, जिससे उनकी पहचान करने में भी समय लग रहा है। मृतकों और घायलों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
शोक की लहर
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों और परिजनों की आंखें नम हैं। एक ही पल में चार घरों के चिराग बुझ जाने से मातम पसरा हुआ है।







