रायपुर:-नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य कांग्रेस मुक्त भारत बनाना है और आने वाले दिनों में कांग्रेस सिर्फ एक कमरे में सिमटकर रह जाएगी।
रायपुर उत्तर से विधायक पुरंदर मिश्रा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में भ्रष्टाचार अपने चरम पर था, जिसके परिणामस्वरूप कई आईएएस अधिकारी जेल में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इन अधिकारियों को काला धन अर्जित करने का आदेश दिया था, जिसके चलते वे आज कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं।
विधायक देवेंद्र यादव को जमानत मिलने पर भी पुरंदर मिश्रा ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “यादव लोग तो गाय पालते हैं, बेल (जमानत) क्यों मिला है?” उनका यह बयान कांग्रेस पर तंज कसने का एक तरीका माना जा रहा है।
पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस की आंतरिक राजनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पार्टी में गुटबाजी अपने चरम पर है और हर नेता का एक अलग गुट है। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल के समर्थकों का भी एक अलग गुट है और यह स्थिति 140 साल पुरानी पार्टी के लिए चिंता का विषय है।
गुटबाजी से जूझ रही कांग्रेस
भाजपा विधायक ने कांग्रेस की अंदरूनी कलह को उसकी गिरावट का मुख्य कारण बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब एक संगठित पार्टी नहीं रह गई है, बल्कि गुटबाजी और आंतरिक संघर्ष से ग्रस्त हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि यही कारण है कि जनता अब कांग्रेस को नकार रही है और भाजपा को अधिक समर्थन दे रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में हुए नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा था। इस हार को लेकर पार्टी के भीतर भी मंथन जारी है, लेकिन भाजपा नेताओं का मानना है कि कांग्रेस की गिरती हुई स्थिति अब सुधरने वाली नहीं है।
भाजपा का बढ़ता प्रभाव
भाजपा विधायक ने विश्वास जताया कि आने वाले चुनावों में भी जनता कांग्रेस को पूरी तरह से नकार देगी और भाजपा का प्रभाव बढ़ता जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां जनता के हित में हैं और उनकी पार्टी जनता के विश्वास पर खरी उतर रही है।
इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है और कांग्रेस की ओर से इस पर प्रतिक्रिया आना बाकी है।