कवर्धा:-थाना चिल्फी में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) शेषनाथ चौबे का आज आकस्मिक निधन हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर व्याप्त हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 07 अक्टूबर 2025 को वीआईपी आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था हेतु एएसआई शेषनाथ चौबे को ड्यूटी पर लगाया गया था। निर्धारित समय पर ड्यूटी के लिए जाने के लिए एक आरक्षक उनके कमरे में पहुंचा, लेकिन काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
संदेह होने पर जब आरक्षक ने दरवाजा खोलकर अंदर देखा, तो एएसआई शेषनाथ चौबे बिस्तर पर लेटे हुए पाए गए। जब आरक्षक ने उन्हें छूकर देखा, तो उनका शरीर पूरी तरह ठंडा था, जिससे प्रथम दृष्टया उनकी मृत्यु होना प्रतीत हुआ। तत्पश्चात अन्य उपस्थित पुलिसकर्मियों ने भी जांच की, जिसमें उनके शरीर में कोई हरकत नहीं पाई गई।
शेषनाथ चौबे वर्ष 1992 में जिला राजनांदगांव में आरक्षक के पद पर भर्ती हुए थे और विभाग में विभिन्न स्थानों पर अपनी सेवाएं दे चुके थे। वर्तमान में वे दिनांक 28 अप्रैल 2025 से थाना चिल्फी में पदस्थ थे।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सूचित किया गया। परिजनों को भी इस दुखद समाचार की सूचना दी गई है। पुलिस विभाग द्वारा आगे की विधिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
पुलिस परिवार सहित समूचे क्षेत्र में एएसआई चौबे के निधन से गहरा शोक व्याप्त है। उनके सहकर्मी उन्हें एक अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार अधिकारी के रूप में याद कर रहे हैं।







