पंडरिया:- आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) इकाई पंडरिया के कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी महाविद्यालय पंडरिया में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को लेकर महाविद्यालय प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने स्पष्ट कहा है कि यदि तीन दिनों के भीतर समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया, तो नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी ज़िम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

विद्यार्थी परिषद ने अपने ज्ञापन में प्रमुख समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महाविद्यालय में अंग्रेज़ी विषय के लिए शिक्षक की कमी लंबे समय से बनी हुई है। साथ ही भवन की कमी के कारण छात्रों को असुविधा झेलनी पड़ रही है।
परिषद ने वॉशरूम और कॉलेज परिसर की साफ-सफाई को लेकर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। उनका कहना है कि साफ-सफाई की स्थिति बेहद चिंताजनक है और इसे तत्काल सुधारा जाना चाहिए। इसके अतिरिक्त पुस्तकालय में नई शिक्षा नीति के अंतर्गत पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
छात्र संगठन ने आरोप लगाया कि महाविद्यालय के कुछ कर्मचारी छात्रों से दुर्व्यवहार करते हैं, जिससे शैक्षणिक माहौल प्रभावित होता है। साथ ही, गैर-छात्र और असामाजिक तत्व अक्सर कॉलेज परिसर में घूमते दिखाई देते हैं, जिस पर रोक लगाने की आवश्यकता है।
ज्ञापन सौंपने वालों में नगर उपाध्यक्ष विरेंद्र बघेल, नगर मंत्री संजू यादव , महाविद्यालय प्रमुख गुलशन चंद्रवंशी, सोशल मीडिया प्रभारी संदीप साहू, समीर शर्मा, लीलक भास्कर, खेमिन साहू, सोनू यादव, अभय यादव, राहुल जायसवाल, बहन पूर्णिमा साहू, पूनम साहू सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







