- कबीरधाम:- गन्ना किसानों के 20 लाख रुपये हड़पकर फरार हुए आरोपी को कबीरधाम पुलिस ने महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था, लेकिन तकनीकी अनुसंधान और सतत प्रयासों के चलते पुलिस ने उसे ढूंढ निकाला। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
फैक्ट्री किराए पर लेकर की धोखाधड़ी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रूपेश चंद्रवंशी (39 वर्ष), निवासी ग्राम रूसे, थाना पांडातराई, जिला कबीरधाम ने 4 मार्च 2024 को थाना पांडातराई में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी ग्राम रूसे में गुड़ निर्माण की फैक्ट्री है। वर्ष 2023 में आरोपी ज्ञानप्रकाश गुप्ता (निवासी ककराला, थाना अलापुर, जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश) ने उनकी फैक्ट्री को किराए पर लेकर संचालन किया था।
अनुबंध के अनुसार, 4 लाख रुपये का भुगतान लंबित था। इसके अलावा, 35 किसानों के 12,64,076 रुपये, फैक्ट्री में कार्यरत मजदूरों के 2,27,120 रुपये और फैक्ट्री के मैनेजर रमेश चंद्रवंशी के 90,000 रुपये, यानी कुल 19,31,196 रुपये का भुगतान किए बिना आरोपी रातोंरात फरार हो गया था।
एसपी ने दिए थे आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (भा.पु.से.) ने फरार आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने के निर्देश दिए थे। इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल (रा.पु.से.), पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बोडला अखिलेश कौशिक (रा.पु.से.) तथा पंकज पटेल (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
तकनीकी निगरानी से मिली सफलता
नव पदस्थ थाना प्रभारी उप निरीक्षक त्रिलोक प्रधान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तकनीकी निगरानी शुरू की और मुखबिरों को सक्रिय किया। आरोपी को कई राज्यों में तलाशा गया, जिसके बाद जानकारी मिली कि वह महाराष्ट्र के सांगली जिले में छिपा हुआ है।
महाराष्ट्र के सांगली जिले से हुई गिरफ्तारी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना समय गंवाए तासगांव, सांगली (महाराष्ट्र) पहुंची और आरोपी के गुप्त ठिकाने पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने के लिए बहाने बनाने लगा, लेकिन पुलिस की सतर्कता और पेशेवर रवैये के कारण वह बच नहीं सका।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कबीरधाम लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में निम्नलिखित पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही—
उप निरीक्षक त्रिलोक प्रधान (थाना प्रभारी, पांडातराई)
सहायक उप निरीक्षक रघुवंश पाटिल
सायबर सेल के सहायक उप निरीक्षक चंद्रकांत तिवारी
आरक्षक शिवाकांत शर्मा
पुलिस ने आम नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील
कबीरधाम पुलिस ने किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा लेन-देन की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाने में दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।