कवर्धा:- मैत्री गौसेवक संघ की जिला स्तरीय बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा लागू की जा रही *गौधाम योजना* को लेकर गहरी खुशी और आभार व्यक्त किया गया। संघ के जिलाध्यक्ष हरीश साहू ने जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गौसेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषश्वर पटेल द्वारा लिया गया यह निर्णय ऐतिहासिक है।
उन्होंने बताया कि पूरे छत्तीसगढ़ में अब प्रत्येक ब्लॉक में लगभग 10 गौधाम की स्थापना की जाएगी। इन गौधामों का मुख्य उद्देश्य सड़क किनारे और खुले में विचरते हुए गौवंश को एक सुरक्षित स्थान पर रखकर उनके संरक्षण और संवर्धन की दिशा में ठोस कदम उठाना है। यहां गौवंश को चारा-पानी के साथ-साथ उचित इलाज की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
साहू ने कहा कि यह पहल न केवल गौतस्करी पर रोक लगाने में मील का पत्थर साबित होगी* बल्कि रोजगार सृजन और जैविक कृषि को बढ़ावा देने के लिए भी नए अवसर प्रदान करेगी। प्रशिक्षण प्राप्त मैत्री गौसेवकों और गौ चरवाहों को इस योजना के अंतर्गत विशेष जिम्मेदारियां दी जाएंगी और उन्हें मानदेय के रूप में आर्थिक सहयोग भी मिलेगा।
मैत्री गौसेवक संघ के जिलाध्यक्ष ने बताया कि पिछले 25 वर्षों से गौसेवक संघ जिन मांगों को लेकर संघर्ष कर रहा था, आज वे मांगें पूरी होती दिख रही हैं। मानदेय राशि और सम्मान की घोषणा से गौसेवकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
उन्होंने आगे कहा कि ब्लॉक से लेकर प्रदेश स्तर तक की पूरी टीम सरकार के इस निर्णय से अत्यंत प्रसन्न है और इसे गौसेवा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि मान रही है। इस अवसर पर संघ के जिलाध्यक्ष हरीश साहू एवं पूरी टीम ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गौसेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषश्वर पटेल का हृदय से आभार व्यक्त किया।