कवर्धा:- शहर के भारत माता चौक पर सोमवार को बजरंग दल और गौ-रक्षक संगठन के कार्यकर्ताओं ने एक अनोखे ढंग से विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करते हुए नगाड़े बजाए और गौवंश के समक्ष सिर मुंडवाकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

प्रदर्शनकारियों की मांग है कि गौ-सेवा के कार्य में लगे सागर साहू और पूरन पाली को, जिन्हें हाल ही में पुलिस ने गिरफ्तार किया है, तत्काल रिहा किया जाए।
इस प्रदर्शन की पृष्ठभूमि में एक सप्ताह पूर्व घटित चंद्रवंशी समाज द्वारा थाना घेराव की घटना है। आरोप था कि कुर्मी समाज के आनंद चंद्रवंशी पर बजरंग दल के 30-40 कार्यकर्ताओं ने कथित रूप से जानलेवा हमला किया। इसी मामले में सागर साहू और पूरन पाली को गंभीर धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह गिरफ्तारी अन्यायपूर्ण और पक्षपातपूर्ण है। उनका आरोप है कि गौ-सेवा करने वालों को अपराधी की तरह जेल भेजा जाना निंदनीय है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही रिहाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा।
बजरंग दल के एक वरिष्ठ सदस्य ने कहा, “हम सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेंगे। गौ-रक्षकों को बदनाम करना और जेल भेजना हिंदू संस्कृति का अपमान है।”
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर जिले की कानून व्यवस्था पर भी कई सवाल उठने लगे हैं। पुलिस प्रशासन और शासन की अगली कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।







