कवर्धा:- कवर्धा शहर के मध्य स्थित नैना मोटर्स और चंद्रयान शोरूम के बीच बीते दिनों एक गंभीर घटना घटी, जिसने शहर के माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, आनंद चंद्रवंशी और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि हाथापाई की नौबत आ गई। इस पूरे घटनाक्रम में बजरंग दल से जुड़े सागर साहू और पुरन पाली को पुलिस ने हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।
हालांकि, बजरंग दल का स्पष्ट आरोप है कि इन दोनों कार्यकर्ताओं पर झूठे और फर्जी आरोपों के तहत एफआईआर दर्ज की गई, जिससे उन्हें सलाखों के पीछे भेजा गया। संगठन का कहना है कि यह कार्यकर्ताओं के खिलाफ साजिश है और प्रशासन का पक्षपातपूर्ण रवैया है।
भूख हड़ताल का ऐलान
बजरंग दल के समस्त कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्यवाही के विरोध में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की घोषणा कर दी है। संगठन ने कहा है कि:
“जब तक सागर साहू और पुरन पाली को रिहा नहीं किया जाएगा, तब तक हम बजरंग दल के सभी कार्यकर्ता भूख हड़ताल पर डटे रहेंगे। चाहे हमारी जान ही क्यों न चली जाए, हम अपने साथियों की रिहाई के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष करेंगे।”
प्रशासन पर सवाल
बजरंग दल के पदाधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया है कि पुलिस ने तथ्यों की निष्पक्षता से जांच नहीं की और एकतरफा कार्यवाही की गई। उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि अगर जल्द समाधान नहीं निकाला गया, तो यह आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।
शहर में बढ़ा तनाव:-
इस घटना के बाद कवर्धा में तनाव की स्थिति बनी हुई है।