कवर्धा, 14 जुलाई 2025:-सावन मास के पहले सोमवार को भक्ति, श्रद्धा और संस्कृति का अद्भुत संगम भोरमदेव पदयात्रा में देखने को मिला। हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता से पदयात्रा जहां भव्य और ऐतिहासिक बनी, वहीं बाल शिव के स्वरूप में सजे बच्चों ने सभी का मन मोह लिया। उनका भोला, भावुक और भक्ति से ओतप्रोत रूप इस आयोजन का मुख्य आकर्षण बन गया।
बूढ़ा महादेव से लेकर भोरमदेव मंदिर तक, बाल शिवों की सजीव झांकी ने पूरे मार्ग को शिवमय बना दिया। इन बच्चों के चेहरे पर जहाँ मासूमियत थी, वहीं उनकी भाव-भंगिमा में गहरी आस्था और समर्पण की छवि स्पष्ट झलक रही थी। श्रद्धालुओं ने रास्ते भर उन्हें प्रणाम किया, फूल बरसाए और प्रेमपूर्वक फलाहार अर्पित किया।
इस पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा एवं सांसद श्री संतोष पांडेय ने बाल शिव के समक्ष झुककर श्रद्धा निवेदित की। उन्होंने बच्चों के अभिनय, उनकी भक्ति और सांस्कृतिक भावों की सराहना करते हुए कहा:
“इन बच्चों में जो भक्ति और संस्कृति की गहराई है, वह हमारे समाज की आध्यात्मिक समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है।”
कलेक्टर गोपाल वर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाजसेवी व अधिकारीगणों ने भी बच्चों की प्रस्तुति को सराहा। सभी ने बाल शिवों के साथ स्मृति स्वरूप फोटो खिंचवाए और उन्हें प्रोत्साहित किया।
पूरे वातावरण में “हर हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे पूरा मार्ग भक्तिमय हो गया।







