सहसपुर लोहारा:- थाना सहसपुर लोहारा क्षेत्र के ग्राम भिभौरी में देह व्यापार जैसी अनैतिक गतिविधियों में लिप्त दो महिलाओं के विरुद्ध पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। उक्त कार्रवाई स्थानीय प्रशासन व पुलिस की सतर्कता और क्षेत्र में फैल रही सामाजिक बुराइयों पर लगाम लगाने की दिशा में एक ठोस कदम मानी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनिता पिता राजू पाटले (21 वर्ष) एवं अंजु सतनामी पिता बनचकना (31 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम भिभौरी, थाना सहसपुर लोहारा को देह व्यापार के गंभीर आरोपों के तहत पकड़ा गया। इनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत इस्तगाशा प्रकरण दर्ज कर न्यायालय एसडीएम के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

न्यायालय द्वारा आरोपियों के विरुद्ध वारंट जारी किए जाने के पश्चात दोनों महिलाओं को केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया। यह कार्रवाई क्षेत्र में व्याप्त असामाजिक गतिविधियों को लेकर लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद की गई, जिससे ग्रामीणों में संतोष और प्रशासन के प्रति विश्वास की भावना देखी गई।
भीम भौंरी प्रकरण भी जुड़ा रहा है देह व्यापार से
ज्ञात हो कि इससे पहले भी सहसपुर लोहारा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भीभौंरी से देह व्यापार से जुड़े मामलों में आरोपियों को पकड़ा गया था, जिन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत केंद्रीय जेल दुर्ग भेजा गया था। इन घटनाओं से यह स्पष्ट होता है कि क्षेत्र में लंबे समय से इस तरह की गतिविधियाँ सक्रिय थीं, जिन पर अब जाकर प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरू की है।
स्थानीय नागरिकों ने की सराहना, की स्थायी निगरानी की मांग
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन की तत्परता की सराहना की है, साथ ही मांग की है कि भविष्य में भी ऐसे असामाजिक कार्यों पर सतत निगरानी रखी जाए, ताकि क्षेत्र में महिलाओं, बच्चों एवं युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।
यदि इस प्रकार की अनैतिक गतिविधियों पर समय रहते रोक न लगाई जाए, तो यह समाज के मूलभूत मूल्यों को खोखला कर सकती हैं। प्रशासन से अपेक्षा है कि ऐसी कार्रवाइयों को निरंतर जारी रखा जाएगा।







