जिंन्दा:- शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला जिंन्दा में आज 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट और प्रभाव फेरी निकाली गई।

इस अवसर पर बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनकी उपस्थित जनसमुदाय ने सराहना की। साथ ही प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं सहयोगकर्ताओं का सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत जिंन्दा के सरपंच भागवत कौशिक रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्रबंधन एवं विकास समिति जिंन्दा के अध्यक्ष कपिल श्रीवास ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपसरपंच सहित ग्राम पंचायत के समस्त सम्माननीय पंच, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने में शाला परिवार, समिति के सदस्यों एवं ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।








